Leopard News: क्षेत्र के वन बहुल ग्राम बोकरामुड़ा खुर्द के मड़िया पारा में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ कभी घर की चारदीवारी तो कभी प्राथमिक शाला के टीन शेड पर दिखाई दे रहा है। इससे ग्रामीणों को खेतों की ओर जाने में भी परेशानी हो रही है। वन विभाग को इसकी जानकारी है और विभागीय कर्मचारी क्षेत्र में गश्त कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। हालांकि, अब तक किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है।
रुसो नेताम के घर की चारदीवारी में दिखा तेंदुआ
ग्रामीणों के अनुसार, तीन दिन पहले रात में तेंदुआ रुसो नेताम के घर की चारदीवारी में बैठा दिखाई दिया था। लोगों ने हल्ला-गुल्ला कर उसे वहां से भगाया। इसके बाद बुधवार शाम को घर से कुछ दूरी पर स्थित प्राथमिक शाला के टीन शेड के ऊपर फिर से तेंदुआ दिखाई दिया। रुसो नेताम के मुताबिक, टीन शेड के पास नीचे भी एक तेंदुआ बैठा हुआ था। ग्रामीणों ने शोर मचाकर उन्हें भगाया।
तीन-चार कुत्ते गायब, बकरियों की सुरक्षा की चिंता
रुसो नेताम ने बताया कि करीब एक महीने से तेंदुए को आसपास के जंगल में देखा जा रहा था, लेकिन अब उसकी आवाजाही बस्ती तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि पारा के तीन-चार कुत्ते भी गायब हो गए हैं। आशंका है कि तेंदुए ने उनका शिकार किया होगा। ग्रामीणों को अब अपनी बकरियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। तेंदुए की मौजूदगी के कारण लोग खेतों की ओर जाने में भी असहज महसूस कर रहे हैं।
वन विभाग की गश्त जारी, रात में सतर्क रहने की सलाह
इस संबंध में रेंजर नवीन वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी वन विभाग के संज्ञान में है। वनकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं और ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की समझाइश दी जा रही है। विशेष रूप से रात के समय सावधानी रखने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
दो तेंदुए होने की चर्चा, दूसरे की मौजूदगी की जांच
क्षेत्र में दो तेंदुए दिखाई देने की चर्चा पर रेंजर ने कहा कि फिलहाल वन विभाग के पास एक तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि है। हालांकि, दूसरे तेंदुए की मौजूदगी से जुड़ी सूचना को भी गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है।







