खराब सड़कों और गड्ढों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग भी लगातार हो रहे हादसों को लेकर चिंतित हैं। सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एम्बुलेंस में सवार 6 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को डायल 112 और ग्रामीणों की मदद से कसडोल के चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इलाज कराकर लौट रहे थे ओडिशा
बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस में सवार लोग रायपुर से अपने परिजन का इलाज कराकर वापस गृह ग्राम बरगढ़ (ओडिशा) लौट रहे थे। इसी दौरान कसडोल-कटगी मार्ग पर सड़क के गड्ढे की वजह से यह दुर्घटना हो गई।
मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है। गुरुवार दोपहर कसडोल-कटगी मेन रोड (NH-130B) पर ग्राम पीसीद स्थित जायसवाल ढाबा के पास रायपुर से लौट रही एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस क्रमांक CG 04 PP 4032 में मरीज, परिजन, चालक और हेल्पर सहित कुल आठ लोग सवार थे। ग्राम पीसीद के मेन रोड पुल के पास सड़क में बने गड्ढे में वाहन का पहिया पड़ने से एम्बुलेंस अचानक उछल गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और एम्बुलेंस सड़क पर पलट गई।

घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही कसडोल थाना की डायल 112 (बाज-01) टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक क्रमांक 371 आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना के दौरान ग्राम छांछी के निजी एम्बुलेंस चालक हरनारायण साहू भी अपनी दो एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल मदद की और सभी छह घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में छह लोगों को आई गंभीर चोटें
- क्वाता भोई (60 वर्ष), निवासी डुमरी, बरगढ़ (ओडिशा)
- नारायण हाथी (40 वर्ष), निवासी इच्छापुर, बरगढ़ (ओडिशा)
- गोवर्धन खोड़ीया (80 वर्ष), निवासी बरगढ़ (ओडिशा)
- सरोज खड़िया (30 वर्ष), निवासी कुसुमडीह, बरगढ़ (ओडिशा)
- जगन्नाथ भाट (45 वर्ष), निवासी कुसुमडीह, बरगढ़ (ओडिशा)
- हलधर खोड़ीया (66 वर्ष), निवासी कुसुमडीह, बरगढ़ (ओडिशा)
दो घायलों की हालत गंभीर, चार खतरे से बाहर
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, हादसे में घायल छह लोगों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं चार घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। एम्बुलेंस चालक और हेल्पर सुरक्षित हैं। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और सड़क की स्थिति को लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।