Navratri Jhanki: शारदीय नवरात्र के अवसर पर आरंग में श्रद्धालुओं को पांच चैतन्य देवियों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय के गुड़ियारी पारा स्थित केंद्र में 14 अक्टूबर से पांच दिवसीय चैतन्य देवियों की झांकी शुरू हो रही है। इसमें मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां उमा और मां काली के चैतन्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
दिव्य गुणों को जीवन में अपनाने का संदेश
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की लता बहन जी ने कहा कि मां दुर्गा का आगमन जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि चैतन्य देवियों के स्वरूपों से प्रेरणा लेकर लोगों को सहनशीलता, पवित्रता, निर्भीकता और करुणा जैसे गुणों को अपने व्यवहार में शामिल करना चाहिए। लता बहन जी ने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और खुशहाली की कामना भी की। संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर पांचों देवियों के दर्शन करने और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लेने की अपील की गई है। नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित यह झांकी आरंग में भक्तिमय माहौल बनाने के साथ लोगों को आध्यात्मिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देगी।







