CG News: दीपावली के त्योहार से पहले आरंग नगर को रोशनी से जगमगाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के अलग-अलग वार्डों, प्रमुख सड़कों और गली-मोहल्लों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन की पहल पर अध्यक्ष निधि से यह काम कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षित आवागमन की सुविधा देना है।
नगर के कई हिस्सों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की जा रही है। वहीं, जहां रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां नई लाइटें लगाने की तैयारी भी की जा रही है। अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि दीपावली से पहले वार्डों और मोहल्लों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए, ताकि रात के समय लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
जनशिकायतों के निराकरण पर भी जोर
नगर पालिका की ओर से केवल प्रकाश व्यवस्था ही नहीं, बल्कि नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए 'निदान 1100' और मुख्यमंत्री जन शिकायत हेल्पलाइन के माध्यम से मिली शिकायतों की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए मौके पर समाधान करने पर जोर दिया जा रहा है।
सुरक्षित और स्वच्छ आरंग बनाने का लक्ष्य
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है। ऐसे में नगर के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण, स्वच्छ परिवेश और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद 'जनसेवा ही संकल्प, नगर का विकास ही प्राथमिकता' के ध्येय के साथ काम कर रही है। नगर पालिका की इस पहल से दीपावली के दौरान शहर की प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने और नागरिकों को रोजमर्रा की सुविधाओं में राहत मिलने की उम्मीद है।






