जबलपुर में शादी के कुछ ही दिन बाद एक नवविवाहिता रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। दूल्हे के अनुसार, दोनों शादी की तस्वीरें खिंचवाने फोटो स्टूडियो पहुंचे थे। इसी दौरान दुल्हन मेकअप कराने की बात कहकर बाहर गई, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने हर संभावित स्थान पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गोसलपुर और बरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नवविवाहिता की तलाश जारी है।
पारिवारिक कार्यक्रमों में सब कुछ था सामान्य
गौतम के अनुसार, शादी के बाद मौसी की शादी और बंजारिन माता के दर्शन जैसे पारिवारिक कार्यक्रमों में दोनों ने एक साथ हिस्सा लिया। इस दौरान दुल्हन का व्यवहार पूरी तरह सामान्य था और किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका किसी को नहीं हुई। परिवार को लगा कि सब कुछ सामान्य रूप से चल रहा है।
फोटो स्टूडियो से रहस्यमयी ढंग से हुई गायब
इसी बीच दोनों एक फोटो स्टूडियो में शादी की तस्वीरें खिंचवाने पहुंचे। वहां दुल्हन ने गौतम से कहा कि वह थोड़ी देर इंतजार करे, क्योंकि वह मेकअप करवाकर आती है। लेकिन आधा घंटा बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी, तो गौतम को चिंता होने लगी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उसने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन दुल्हन का कहीं कोई पता नहीं चला।पुलिस कर रही जांच, दूल्हे को लौटने की उम्मीद
घटना के बाद पीड़ित ने पहले अपने स्तर पर ससुराल और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की। जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उसने पहले गोसलपुर और फिर बरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नवविवाहिता की तलाश जारी है। वहीं दूल्हा अब भी अपनी जीवनसंगिनी के सुरक्षित लौट आने की उम्मीद लगाए बैठा है।