PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे के दौरान वडोदरा से 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस दौरे में पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के तीन महत्वपूर्ण हिस्सों को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही इस बड़े रेल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के पूर्ण होने का रास्ता साफ हो जाएगा। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर अब पूरी तरह तैयार हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे औपचारिक रूप से देश को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी जिन तीन हिस्सों का उद्घाटन करेंगे, उनकी कुल लंबाई 326 किलोमीटर है। इस परियोजना के निर्माण पर 20,700 करोड़ रुपए से अधिक की लागत आई है। इसके पूरा होने के बाद देश में माल परिवहन की रफ्तार बढ़ेगी और रेलवे नेटवर्क पर यात्री ट्रेनों का दबाव भी कम होगा। प्रधानमंत्री न्यू सानंद, न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा टांडा रोड से वडोदरा के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा की शुरुआत भी करेंगे। यह ट्रेन अलीराजपुर के दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों को देश के बड़े रेल नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।
रेलवे और सड़क परियोजनाओं को भी मिलेगी गति
प्रधानमंत्री गुजरात और मध्य प्रदेश में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 9,700 करोड़ रुपए से अधिक की तीन रेलवे विस्तार परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही करीब 1,780 करोड़ रुपए की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा। गुजरात सरकार की लगभग 2,600 करोड़ रुपए की नागरिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उद्घाटन होगा। इनमें कडाना बांध पर 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्लांट और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवास शामिल हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री नवसारी पहुंचकर भाजपा के नए एआई-सक्षम हाईटेक कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का करेंगे उद्घाटन
गुजरात दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के मुंबई जाएंगे, जहां वे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस साल फिनटेक फेस्ट की थीम “संभावना से प्रभाव तक: एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन, क्वांटम – समावेशी वित्त के लिए विश्वसनीय, कनेक्टेड, वैश्विक प्रणालियां” रखी गई है। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल भुगतान, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, क्वांटम तकनीक और अन्य नई तकनीकों के जरिए वित्तीय क्षेत्र में आने वाले बदलावों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य भारत की डिजिटल भुगतान व्यवस्था और वित्तीय समावेशन को और मजबूत करना है।
2020 से वैश्विक मंच बना है ग्लोबल फिनटेक फेस्ट
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी। तब से यह मंच नीति निर्माताओं, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक साथ लाकर वित्तीय क्षेत्र के भविष्य पर चर्चा का बड़ा केंद्र बन चुका है। GFF 2026 का सातवां संस्करण मुंबई में 11 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें दुनिया भर के विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

