जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी तुमडीबोड़ ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी प्लेन शराब और नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मचानपार स्थित मिलन दुकान के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी तुमडीबोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी से शराब और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी सूरज राजपूत (25 वर्ष), निवासी ग्राम मचानपार के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे 18 पौवा देशी प्लेन शराब (सुपर-36) और बिक्री की 300 रुपये नकद राशि बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,740 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे जांच जारी है।पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारगे, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार फरदिया, आरक्षक लोकेश साहू, चंद्रशेखर यादव, थलेश देशमुख सहित चौकी तुमडीबोड़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
