बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेमिका के शादी से इनकार करने से नाराज प्रेमी नेआपत्तिजनक कदम उठाते हुए वीडियो कॉल के दौरान बनाए गए निजी फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना के बाद पीड़िता और उसके परिवार में चिंता का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
वीडियो कॉल के दौरान बनाए थे वीडियो
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक सुनील चतुर्वेदी का युवती के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच बातचीत और वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने युवती के निजी फोटो और वीडियो बना लिए थे। बताया जा रहा है कि जब युवती ने आरोपी से शादी करने से इनकार कर दिया तो वह नाराज हो गया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती की अनुमति के बिना उसके निजी फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिए।
वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने तुरंत इसकी शिकायत अपने परिजनों को दी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती ने तखतपुर थाने पहुंचकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के कर्नाटक के बेंगलुरु में होने की जानकारी मिली।कोर्ट में किया जाएगा पेश
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पहुंचकर आरोपी सुनील चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की निजी तस्वीर या वीडियो उसकी अनुमति के बिना साझा करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।