राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के कबीर मठ नदिया गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच खेत में अचानक जमीन धंसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते एक छोटा गड्ढा विशाल भूधंसाव में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेरकर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। अब इस रहस्यमयी भूधंसाव की जांच के लिए जियोलॉजिकल विभाग की टीम को बुलाया जाएगा।
देखते ही देखते बढ़ता गया गड्ढा
जानकारी के अनुसार, कबीर मठ नदिया गांव निवासी किसान अमर सिंह रावटे के खेत में अचानक जमीन धंसने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुरुआत में एक छोटा गड्ढा दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही देर में उसका आकार तेजी से बढ़ने लगा और वह बड़े भूधंसाव में बदल गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है।

मौके पर पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, पटवारी, राजस्व निरीक्षक सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रारंभिक निरीक्षण के बाद बताया कि प्रथम दृष्टया यह संरचना किसी पुराने कुएं जैसी प्रतीत हो रही है। हालांकि, भूधंसाव के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
जियोलॉजिकल विभाग करेगा वैज्ञानिक जांच
प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है। अब भूधंसाव के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाने के लिए जियोलॉजिकल विभाग की विशेषज्ञ टीम मौके का निरीक्षण करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन धंसने की असली वजह क्या है।