Railway News: बीना स्टेशन यार्ड में तीसरी रेल लाइन को मेन स्टेशन से जोड़ने के लिए रेलवे की ओर से यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जाएगा। इस दौरान प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग से जुड़े कार्य किए जाएंगे। काम के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने रद्द, परिवर्तित मार्ग और शॉर्ट टर्मिनेटेड/ओरिजिनेटेड ट्रेनों की जानकारी जारी की है। यह कार्य अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके चलते अक्टूबर में कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
दो हमसफर एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 22169 रानी कमलापति-सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसी तरह 15 अक्टूबर 2026 को सांतरागाछी से चलने वाली गाड़ी संख्या 22170 सांतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस का परिचालन भी रद्द रहेगा।
बदले मार्ग से चलेंगी ये ट्रेनें
बीना में होने वाले काम के कारण कुछ ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के बजाय वैकल्पिक रूट से चलाया जाएगा। 10 अक्टूबर 2026 को शालीमार से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 22830 शालीमार-भुज एक्सप्रेस बीना मालखेड़ी-महादेवखेड़ी-गुना-रुठियाई-मक्सी होकर भुज जाएगी। वहीं, 13 अक्टूबर 2026 को भुज से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 22829 भुज-शालीमार एक्सप्रेस मक्सी-रुठियाई-गुना-महादेवखेड़ी-बीना मालखेड़ी होकर शालीमार पहुंचेगी।बीना मालखेड़ी में समाप्त और शुरू होगी ट्रेन
रीमॉडलिंग कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को बीना मालखेड़ी जंक्शन पर ही समाप्त और प्रारंभ किया जाएगा। 6 से 14 अक्टूबर 2026 तक बिलासपुर से चलने वाली गाड़ी संख्या 18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस बीना मालखेड़ी जंक्शन पर समाप्त होगी। इसी तरह 7 से 15 अक्टूबर 2026 तक भोपाल से चलने वाली गाड़ी संख्या 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस बीना मालखेड़ी जंक्शन से ही प्रारंभ होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की स्थिति और निर्धारित मार्ग की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

