CG Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तरुण नगर में तीन बच्चों के साथ मारपीट और उन्हें खाना नहीं देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सगी मां अन्नू देवी पासवान और सौतेला पिता राजा दीप छोटी-छोटी बातों पर बच्चों के साथ मारपीट करते थे। घटना में तीन साल का रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी राजा की तलाश की जा रही है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत कार्रवाई की गई है।
तीन साल के रोहित का हाथ फ्रैक्चर, अस्पताल में इलाज जारी
आरोप है कि मारपीट के दौरान रोहित के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। उसके चेहरे और आंख के आसपास भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मामले में बच्चों को खाना नहीं देने और उनके साथ छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए हैं। बताया गया है कि घटना का विरोध करने पर अन्नू ने पड़ोसियों को धमकाया। इसके बाद बस्ती के लोगों ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अन्नू देवी पासवान को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आरोपी राजा दीप फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मामले में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत कार्रवाई की गई है। यह धारा बच्चों के प्रति क्रूरता से जुड़े मामलों में लागू होती है।
रोते हुए घर से बाहर आई बच्ची, पड़ोसियों को बताई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, तरुण नगर निवासी सुशीला जगत ने मामले को लेकर जानकारी दी। अन्नू देवी अपने पति राजा दीप के साथ किराए के मकान में रहती है। पहले पति से उसके तीन बच्चे समीर (8), लक्ष्मी (6) और रोहित (3) हैं। बताया जा रहा है कि 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे लक्ष्मी रोते हुए घर से बाहर आई। उसने मोहल्ले के लोगों को बताया कि राजा ने उसके छोटे भाई रोहित को बुरी तरह पीटा है। इसके बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली।बच्चों के साथ हिंसा पर क्या कहता है कानून?
अधिवक्ता विशाल शुक्ला के अनुसार, किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत बच्चों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार या जानबूझकर उपेक्षा करने के मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। संकट में मिले बच्चों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जा सकता है, जहां उनकी सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर निर्णय लिया जाता है। बच्चों के साथ हिंसा या दुर्व्यवहार की आशंका होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी जा सकती है।







