Raipur Crime News: पंडरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। कार शोरूम के पास होर्डिंग पोल से एक अज्ञात युवक का शव लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार, पंडरी इलाके में सुबह लोगों ने कार शोरूम के पास लगे होर्डिंग पोल में एक युवक को गमछे के सहारे लटका देखा। इसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मृतक युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिसके चलते मामला संदिग्ध माना जा रहा है। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV खंगालेगी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर यह किसी आपराधिक घटना का परिणाम है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
