Raipur Crime News: गुढ़ियारी इलाके में नाबालिग बच्चों को डराने-धमकाने और उन्हें अपने प्रभाव में लेकर घर से आभूषण व नकदी मंगवाने का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि वंदना साहू ने 11 वर्षीय बच्ची को डराकर उसके सोने के झुमके और चेन अपने पास रख लिए। इतना ही नहीं, बच्ची पर परिवार में रखा रानी हार लाने के लिए भी दबाव बनाने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
4 सितंबर को थाने पहुंची शिकायत
पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी निवासी सोनम साहू ने 4 सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी 11 वर्षीय भांजी रूपल साहू के पास घर में रखे सोने के कान के झुमके और चेन थे। आरोप है कि वंदना साहू ने बच्ची को डराया-धमकाया और दबाव बनाकर दोनों आभूषण अपने पास ले लिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 2 सितंबर को वंदना ने बच्ची पर उसकी नानी पार्वती साहू का रानी हार लाने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि महिला के कहने पर बच्ची ने घर से रानी हार निकाल लिया और उसे देने जा रही थी। इसी दौरान परिवार के लोगों को मामले की जानकारी हो गई।
दूसरी बच्ची के परिवार से भी जुड़ा आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वंदना साहू ने केवल एक बच्ची को ही अपने प्रभाव में नहीं लिया, बल्कि अन्य बच्चों के साथ भी इसी तरह व्यवहार किया। शिकायत में 13 वर्षीय एक बच्ची का जिक्र करते हुए कहा गया है कि महिला के कहने पर बच्ची अपनी मां का मंगलसूत्र भी लेकर आई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बच्चों को बातों में फंसाकर उनसे घर के आभूषण और नकदी मंगवाई जाती थी।पति पर भी सहयोग करने का आरोप
मामले में वंदना साहू के पति दीपक साहू पर भी पत्नी का सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, वह बच्चों को चोरी करने का तरीका बताता था। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तरह की घटनाओं में और कोई बच्चा या व्यक्ति शामिल था या नहीं।

