Raipur News: भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी पहली बार राज्य के दौरे पर रायपुर पहुंचीं। उनके आगमन पर रायपुर एयरपोर्ट में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उनसे मुलाकात करने और स्वागत के लिए पहुंचे। स्मृति ईरानी का यह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। राजधानी रायपुर में इस बार स्वागत का अंदाज भी कुछ अलग नजर आया। पार्टी की ओर से होर्डिंग और बैनर लगाने से मना किए जाने के बाद शहर में जगह-जगह भाजपा के झंडे दिखाई दे रहे हैं।
स्मृति ईरानी के नेतृत्व में भाजपा होगी मजबूत
स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ पहुंचने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन में बेहतर समन्वय बनेगा और पार्टी मजबूती से काम करेगी। स्वागत के लिए पोस्टर और बैनर नहीं लगाए जाने के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि चुनाव लड़ने वाले नेताओं के पोस्टर लगाने से कार्यकर्ताओं के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का ध्यान पोस्टर-बैनर लगाने के बजाय संगठन को मजबूत करने और उसे आगे बढ़ाने पर होना चाहिए।
दौरे के दौरान होंगी कई बैठकें
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भी स्मृति ईरानी के रायपुर पहुंचने पर खुशी जाहिर की। बताया कि दौरे के दौरान कई बैठकें आयोजित की जाएंगी। उनके मुताबिक, इस दौरे से छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन को और मजबूती देने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से काम करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। स्मृति ईरानी का दो दिवसीय दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दे रही है। अब सभी की नजरें होने वाली बैठकों और संगठन से जुड़े फैसलों पर रहेंगी।






