संसद के मानसून सत्र का आज बुधवार को 8वां दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में एक बार फिर हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। लोकसभा में आज ‘पेपर लीक से जुड़े संशोधन विधेयक, 2026’ पर मतदान कराया जाएगा। वहीं, राज्यसभा में भी यह विधेयक पेश किया जाएगा। इससे पहले मंगलवार को इस बिल पर दोनों सदनों में चर्चा हुई थी। संसद की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। इससे पहले सुबह 10 बजे राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में INDIA ब्लॉक के नेताओं की बैठक हुई।
संशोधन विधेयक को लेकर पक्ष और विपक्ष में बहस
बैठक में लोकसभा और राज्यसभा के विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। बैठक में संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। विपक्ष पहले से ही पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। पेपर लीक मामलों को रोकने और परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लाए गए इस संशोधन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस जारी है। सरकार इसे युवाओं के हित में जरूरी कदम बता रही है, जबकि विपक्ष कई प्रावधानों को लेकर सवाल उठा रहा है। आज होने वाली वोटिंग के बाद साफ होगा कि यह विधेयक किस दिशा में आगे बढ़ता है। वहीं, संसद में विपक्ष के तेवरों को देखते हुए हंगामे की संभावना बनी हुई है।
और अधिक अपडेट के लिए पढ़ते रहे...