नगर की समाजसेवी संस्था विरासत के अंजोर फाउंडेशन, बागबाहरा की ओर से दुर्ग के शंकर नगर स्थित बुद्ध विहार समारोह भवन में 19 जुलाई 2026 को बहुत बड़ा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन स्थानीय पार्षद आशीष चंद्राकर के सौजन्य से किया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
बारिश में भी नहीं रुका जांच अभियान
स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के लिए विभिन्न प्रकार की जांच और उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। इसमें प्राकृतिक चिकित्सा, कपिंग थेरेपी, पैथोलॉजी जांच के साथ-साथ आयुर्वेद विशेषज्ञ चिकित्सक, नेत्र रोग विशेषज्ञ और न्यूरोलॉजी विभाग की सेवाएं भी शामिल रहीं। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें बीमारी के अनुसार उचित सलाह, दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी प्रदान की। शिविर के दिन सुबह से ही मौसम खराब रहा। रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी और तेज बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। खराब मौसम के बीच भी मरीज लगातार शिविर में पहुंचते रहे और स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस एक दिवसीय शिविर में करीब 128 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयोजकों ने बताया कि बारिश के बावजूद लोगों की सहभागिता सेवा कार्यों के प्रति विश्वास को दर्शाती है।स्वास्थ्य शिविरों को लेकर बढ़ा सहयोग
विरासत के अंजोर फाउंडेशन बागबाहरा द्वारा पूरे छत्तीसगढ़ में विभिन्न सामाजिक कार्यों को जनहित में संचालित किया जा रहा है। संस्था स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है। दुर्ग में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में पार्षद आशीष चंद्राकर का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। संस्था के पदाधिकारी हरप्रीत सिंह और शहजान पाशा ने बताया कि लगातार किए जा रहे सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संस्था के सहयोग से इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं और जनसेवा का लाभ पहुंचाना है। आने वाले समय में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचने का प्रयास जारी रहेगा।