भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंद को सिंकफील्ड कप के तीसरे दौर में जर्मनी के विंसेंट कीमर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले की शुरुआत में प्रज्ञानंद अच्छी स्थिति में नजर आ रहे थे, लेकिन खेल के दौरान हुई एक बड़ी चूक ने बाजी का रुख बदल दिया। कीमर ने इस गलती का फायदा उठाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार के बाद प्रज्ञानंद तीन दौर में 1.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
मुकाबले का अंत चेकमेट से हुआ, जो शीर्ष स्तर के ग्रैंडमास्टर मुकाबलों में अपेक्षाकृत कम देखने को मिलता है। नौ दौर के टूर्नामेंट में अभी छह दौर बाकी हैं, ऐसे में प्रज्ञानंद के पास वापसी के पर्याप्त मौके मौजूद हैं। ग्रैंड चेस टूर के तहत खेले जा रहे सिंकफील्ड कप में कुल 10 खिलाड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं।
4.75 लाख डॉलर की इनामी राशि
टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि 4,75,000 अमेरिकी डॉलर है। सभी खिलाड़ियों को नौ दौर खेलने हैं और शुरुआती तीन दौर के बाद अंक तालिका में मुकाबला काफी दिलचस्प बना हुआ है। तीसरे दौर में सबसे अहम जीत अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रहे फिलीपींस मूल के वेस्ली सो के नाम रही। उन्होंने अमेरिका के शीर्ष खिलाड़ी फैबियानो करूआना को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इसके साथ ही वेस्ली सो 2.5 अंक लेकर अंक तालिका में अकेले शीर्ष पर पहुंच गए। अमेरिका के लेवोन एरोनियन और फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव दो-दो अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
सिंदारोव और गिरी के खाते में एक-एक अंक
प्रज्ञानंद के साथ फैबियानो करूआना, विंसेंट कीमर और अमेरिका के सेवियन सैमुअल्स के 1.5-1.5 अंक हैं। उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव और नीदरलैंड्स के अनीश गिरी तीन दौर के बाद एक-एक अंक पर हैं। जॉर्डन वान फॉरेस्ट 0.5 अंक के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे हैं। तीसरे दौर के अन्य मुकाबलों में सेवियन सैमुअल्स ने अनीश गिरी को लंबी बाजी में शिकस्त दी। दोनों के बीच मुकाबला 100 से अधिक चालों तक चला।प्रज्ञानंद के पास वापसी के छह मौके
वहीं जावोखिर सिंदारोव और मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव की बाजी ड्रॉ रही। लेवोन एरोनियन और जॉर्डन वान फॉरेस्ट के बीच मुकाबले का भी कोई नतीजा नहीं निकला और दोनों को आधा-आधा अंक मिला। सिंकफील्ड कप में अभी छह दौर का खेल बाकी है। शुरुआती तीन दौर के बाद प्रज्ञानंद शीर्ष खिलाड़ी से केवल एक अंक पीछे हैं। ऐसे में आने वाले मुकाबले उनके लिए अहम होंगे। बेहतर प्रदर्शन के साथ वह एक बार फिर शीर्ष स्थान की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर सकते हैं।