India Women T20 Series: कप्तानी के नए दौर में स्मृति मंधाना, बोलीं-अगले 3 महीने में तय करेंगे टीम के नए स्टैंडर्ड
India Women T20 Series: भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज 16 अक्टूबर से नवा रायपुर में शुरू होगी। सभी मुकाबले शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे खेले जाएंगे। सीरीज से पहले भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने टीम की तैयारियों, फिटनेस, फील्डिंग और आगामी टूर्नामेंट की रणनीति पर चर्चा की।
प्रकाशित: 15 Oct 2026, 11:02 AM· 4 मिनट पढ़ने का समय
रायपुर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
India Women T20 Series: भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच 16 अक्टूबर से तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। इस सीरीज के सभी मुकाबले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को तय किया गया है। सीरीज की शुरुआत से ठीक पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय महिला टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने टीम की भावी प्राथमिकताओं और अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर खुलकर बात की।
कप्तानी से नहीं बदलेगा स्वाभाविक खेल
स्मृति मंधाना ने साफ किया कि कप्तानी के अतिरिक्त दबाव का असर उनकी बल्लेबाजी पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, "फील्डिंग के दौरान मेरी भूमिका कप्तान की रहेगी, लेकिन जब हाथ में बल्ला होगा, तब मैं सिर्फ एक बल्लेबाज की तरह सोचूंगी। गेंद अगर मेरी रेंज में होगी, तो मैं अपने स्वाभाविक शॉट खेलने से पीछे नहीं हटूंगी।" स्मृति ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वह महज 15 साल की थीं, तब उनके कोच ने उनसे कहा था कि जब भी बल्लेबाजी करने उतरो, यह सोचकर खेलो कि तुम पूरी टीम की कप्तान हो। उसी सीख ने उनमें शुरू से ही जिम्मेदारी उठाने का जज्बा पैदा किया।
कप्तानी की घोषणा और भविष्य का खाका
यह पूछे जाने पर कि उन्हें कप्तानी की जानकारी कब मिली, स्मृति ने बताया कि मीडिया में खबर आने वाले दिन ही उन्हें आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी मिली थी। हालांकि, इससे एक दिन पहले टीम मीटिंग हो चुकी थी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के योगदान का जिक्र करते हुए स्मृति ने कहा कि हरमनप्रीत ने एक दशक तक भारतीय टीम का सफल नेतृत्व किया है। हाल ही में कोच और हरमनप्रीत के साथ लंबी चर्चा हुई है, जिसमें अगले 2-3 सालों में आने वाले बड़े आईसीसी टूर्नामेंट्स और टीम के भविष्य का रोडमैप तैयार किया गया है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीमपिछले दो वर्ल्ड कप की नाकामी से सबक
पिछले दो टी-20 वर्ल्ड कप में नॉकआउट चरण तक न पहुंच पाने की कसक पर स्मृति ने माना कि यह टीम के लिए बेहद निराशाजनक रहा। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। टी-20 जैसे छोटे फॉर्मेट में मामूली सुधार भी बड़े नतीजे ला सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वक्त पूरी टीम फिटनेस, फील्डिंग, गेंदबाजी और बल्लेबाजी—इन चारों विभागों में लगभग 10 प्रतिशत तक सुधार लाने के लक्ष्य पर गंभीरता से काम कर रही है। आगामी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम को कुल 6 टी-20 इंटरनेशनल खेलने का मौका मिलेगा, जो टीम कॉम्बिनेशन को मजबूत करने के लिए बेहद अहम साबित होंगे।
रायपुर में ओस बनेगी चुनौती, गेंदबाजों पर रहेगा ध्यान
रायपुर के मैदान को लेकर कप्तान ने कहा कि यहाँ की पिच बल्लेबाजों के लिए मुफीद मानी जाती है, लेकिन शाम के समय भारी ओस (Dew) गिरना एक बड़ी चुनौती होगी। ओस के कारण गेंदबाजों के लिए गीली गेंद पर नियंत्रण बनाना आसान नहीं होता। इसलिए प्लेइंग इलेवन और टीम कॉम्बिनेशन तय करते समय ओस के प्रभाव को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिम्बाब्वे से भी सीखने को बहुत कुछ
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली द्विपक्षीय सीरीज को लेकर स्मृति ने उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि कई बार बड़ी टीमें रणनीतियों और पेशेवर दबाव में इतनी उलझ जाती हैं कि खेल का असली आनंद लेना भूल जाती हैं। जिम्बाब्वे जैसी टीमों को देखकर यह अहसास होता है कि मैदान पर क्रिकेट का मजा लेना भी कितना जरूरी है। भारतीय खिलाड़ी भी इस सीरीज के दौरान इस सकारात्मक दृष्टिकोण को अपनाने की कोशिश करेंगे।
सीरीज का पूरा शेड्यूल:
पहला T-20: 16 अक्टूबर (शाम 7:00 बजे)
दूसरा T-20: 18 अक्टूबर (शाम 7:00 बजे)
तीसरा T-20: 20 अक्टूबर (शाम 7:00 बजे)
स्थान: शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर