Suji Besan Chila Recipe: सुबह की भागदौड़ में अगर जल्दी तैयार होने वाला नाश्ता चाहिए, तो सूजी-बेसन चीला एक अच्छा विकल्प है। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर में मौजूद सब्जियों से इसका स्वाद भी बढ़ाया जा सकता है। सूजी और बेसन से बना यह चीला बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम रहता है। इसे हरी चटनी, दही या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
आवश्यक सामग्री
- सूजी: आधा कप
- बेसन: आधा कप दही: 2 बड़े चम्मच
- सब्जियां: 1 प्याज, 1 टमाटर, 1 शिमला मिर्च (सभी बारीक कटी हुई) और 1 कद्दूकस की हुई गाजर
- मसाले व स्वाद के लिए: 1 हरी मिर्च (बारीक कटी), 1 चम्मच कद्दूकस किया अदरक, 2-3 बारीक कटी लहसुन की कलियां
- अन्य मसाले: आधा छोटा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच गरम मसाला, स्वादानुसार नमक
- गार्निशिंग के लिए: बारीक कटी हरी धनिया पत्ती
- अन्य जरूरतें: घोल के लिए पानी और सेंकने के लिए तेल/घी
बनाने की आसान विधि
- घोल तैयार करें: एक बड़ा बाउल लें और उसमें सूजी, बेसन व दही को एक साथ निकाल लें। अब इसमें कटी हुई सभी सब्जियां—प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च मिलाएं।
- मसाले मिलाएं: इसके बाद मिश्रण में हल्दी, गरम मसाला, स्वादानुसार नमक और हरी धनिया डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- रेस्ट के लिए रखें: अब बाउल में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए घोल बनाएं। ध्यान रहे कि घोल न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला। इस बैटर को ढककर 10 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सूजी पानी सोखकर अच्छे से फूल जाए। अगर 10 मिनट बाद बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा सा पानी और मिला लें।
- चीला सेंकें: गैस पर तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा सा तेल फैलाएं। अब एक बड़े चम्मच (कछुल) से बैटर लेकर तवे के बीच में डालें और गोल आकार में फैलाएं। गैस की आंच मध्यम रखें और नीचे की सतह को हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक पकने दें।
- दोनों तरफ से पकाएं: जब नीचे का हिस्सा सिक जाए, तो किनारों पर हल्का सा तेल लगाएं और चीले को सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी इसे हल्का सा दबाते हुए सुनहरा होने तक सेंक लें। आपका गरमा-गरम और करारा सूजी-बेसन चीला बनकर तैयार है। इसे तवे से उतारें और पुदीने-धनिया की तीखी चटनी, मीठी सोंठ या दही के साथ मजे से खाएं।

