Train Cancelled: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में रेलवे ट्रैक और यार्ड से जुड़े काम के चलते नवंबर 2026 में कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। बागडिही स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और बागडिही-झारसुगुड़ा के बीच चौथी रेल लाइन की कमीशनिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि उत्कल एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाने का फैसला लिया गया है।
रेलवे के मुताबिक बागडिही स्टेशन पर 1 और 2 नवंबर 2026 को प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा 3 नवंबर को नॉन-इंटरलॉकिंग का काम होगा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित रेल परिचालन को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
- इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस-1 से 3 नवंबर 2026 तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी और टाटानगर से चलने वाली 18109/18110 इतवारी-टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
- मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस-31 अक्टूबर 2026 को मालदा टाउन से रवाना होने वाली 13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस का परिचालन रद्द रहेगा।
- सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस-2 नवंबर 2026 को सूरत से रवाना होने वाली 13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।
- तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस-2 नवंबर 2026 को तिरुपति से रवाना होने वाली 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
- रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस-5 नवंबर 2026 को रक्सौल से रवाना होने वाली 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस का परिचालन भी रद्द किया गया है।
उत्कल एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी
रेलवे ने उत्कल एक्सप्रेस के रूट में भी बदलाव किया है। 2 नवंबर 2026 को पुरी से रवाना होने वाली 18477 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन कटक-संबलपुर सिटी-झारसुगुड़ा रोड-ईब होकर योग नगरी ऋषिकेश जाएगी।
इसी तरह 2 नवंबर 2026 को योग नगरी ऋषिकेश से रवाना होने वाली 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस भी बदले हुए मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक होकर पुरी पहुंचेगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
रेलवे के इस बदलाव का असर नवंबर की शुरुआत में इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। ऐसे में यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस, रूट और परिचालन की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

