रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत राजपुर बाजार की सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और बारिश के दौरान पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
समस्या को लेकर पूर्व भाजयूमो नेता रवि भगत के नेतृत्व में ग्रामीणों और युवाओं ने मंगलवार सुबह राजपुर बाजार के पास चक्काजाम कर दिया। सुबह करीब 9 बजे बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए और जल्द मरम्मत की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
मरम्मत के आश्वासन पर खत्म हुआ चक्काजाम
चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और लैलूंगा एसडीएम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि बारिश के मौसम में सड़क की हालत और खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को काफी परेशानी होती है। कई बार लोग इन गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने पर नाराजगी जताई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि करीब एक सप्ताह के भीतर सड़क को चलने लायक बनाने का काम शुरू कराया जाएगा। साथ ही स्थायी समाधान के लिए आगे की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया।रवि भगत ने उठाई सड़क सुधार की मांग
पूर्व भाजयूमो नेता रवि भगत ने बताया कि राजपुर बाजार के पास सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। खराब सड़क के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार को लेकर पहले भी प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों को आंदोलन करना पड़ा। रवि भगत ने बताया कि प्रशासन ने एक सप्ताह के भीतर सड़क को आवागमन योग्य बनाने का भरोसा दिया है। इसके अलावा बारिश खत्म होने के बाद स्थायी रूप से सड़क निर्माण कराने का आश्वासन भी मिला है। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण के साथ जिन लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें भी जल्द भुगतान किया जाए।
एसडीएम ने दी काम की जानकारी
लैलूंगा एसडीएम राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि यह लैलूंगा-बाकारूमा सड़क मार्ग है। पहले भी यहां काम कराया गया था, लेकिन भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण करीब 600 मीटर सड़क का काम अधूरा रह गया था। एसडीएम ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने 1 करोड़ 32 लाख 56 हजार रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आगे की कार्रवाई जारी है। फिलहाल बारिश के दौरान लोगों की परेशानी को देखते हुए पीडब्ल्यूडी को सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।