Raigarh Elephant News: 26 किसानों की धान फसल तबाह, जंगलों में 165 हाथियों की मौजूदगी से दहशत
Raigarh Elephant News: विभिन्न वन क्षेत्रों में हाथियों ने 26 किसानों की तैयार धान की फसल रौंदकर बर्बाद कर दी। जिले में फिलहाल 165 हाथी मौजूद हैं, जिसके चलते वन विभाग ने प्रभावित गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को रात में खेत और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी है।
क
कीर्तिमान न्यूज
27 Aug 2026, 11:13 AM
रायगढ़
Raigarh Elephant News: रायगढ़ जिले में हाथियों की बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों और किसानों की रातों की नींद उड़ा दी है। शाम ढलते ही हाथियों के झुंड जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों और खेतों का रुख कर रहे हैं। मंगलवार रात भी हाथियों ने अलग-अलग रेंजों में जमकर उत्पात मचाया और करीब 26 किसानों की तैयार धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। सुबह होते ही वन विभाग की टीम प्रभावित गांवों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने में जुट गई है।
धरमजयगढ़ से रायगढ़ तक तबाही का मंजर
हाथियों के इस ताजा हमले में धरमजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल के कई गांव प्रभावित हुए हैं:
बाकारूमा रेंज: पोलाईआर्ट, सिसरिंगा और सोनपुर गांवों में हाथियों ने 7 किसानों के खेतों में घुसकर फसल पूरी तरह चौपट कर दी।
धरमजयगढ़ रेंज: नागदरहा गांव में किसान फीरसिंह राठिया के खेत में लगी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
बोरो व छाल रेंज: बोरो रेंज के धवाईडांड में जगरमोती भुइंहर और मानसाय यादव की फसल मारी गई। वहीं छाल रेंज के चुहकीमार में हिरिराम, हीरा राम, चमार और राम समेत 7 किसानों की मेहनत पर हाथियों ने पानी फेर दिया।
कापू रेंज: रायमेर और किरिया गांव में बुधनसाय, पेशराम, बहादुर एक्का, प्रेमसाय एक्का और दिलीप के खेतों को हाथियों ने अपना निशाना बनाया।
रायगढ़ वन मंडल: जुनवानी इलाके में कृष्ण गोपाल मालाकार, तिलकराम मालाकार, जहरीराम टोप्पो और चैतमति तिर्की के खेतों को हाथियों के झुंड ने रौंद डाला।
हाथियों के आतंक से किसानों की फसल बर्बाद वन विभाग के ताजा आंकड़ें
खेतों में हाथियों की मौजूदगी की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने वन अमले के साथ मिलकर उन्हें खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन गजराज काफी देर तक खेतों में ही डटे रहे। आखिरकार तड़के सुबह होने से पहले ही वे वापस जंगल की ओर लौटे। वन विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, बुधवार तक जिले में कुल 165 हाथी अलग-अलग जंगलों में मौजूद हैं। इनमें सबसे ज्यादा 108 हाथी अकेले धरमजयगढ़ वन मंडल में हैं, जिनमें 32 नर, 48 मादा और 28 शावक शामिल हैं।
वन विभाग हाई अलर्ट पर
वहीं रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में 57 हाथी (17 नर, 32 मादा और 8 शावक) विचरण कर रहे हैं।हाथियों के एक रेंज से दूसरे रेंज में लगातार बदलते मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग हाई अलर्ट पर है। प्रभावित इलाकों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है और गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सख्त अपील की है कि वे रात के समय जंगलों और खेतों की तरफ जाने से बचें।
जल्द हो सके मुआवजा वितरण
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 26 किसानों के फसल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है, ताकि शासन के नियमानुसार जल्द से जल्द राहत राशि और मुआवजा वितरित किया जा सके।