U19 Asia Cup: भारतीय युवा बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने टूर्नामेंट में लगातार दमदार पारियां खेलकर अपनी अलग पहचान बनाई है। यूएई के खिलाफ शतक लगाने के बाद अब अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उन्होंने अर्धशतक जमाया। इस प्रदर्शन के साथ ही आर्यवीर टूर्नामेंट में 300 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
सेमीफाइनल में 51 रन बनाकर भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका
भारत और अफगानिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का दूसरा सेमीफाइनल 12 नवंबर को खेला गया। मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत हासिल की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। आर्यवीर ने 57 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान लक्ष्य ने 93 रन की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के योगदान से भारत ने आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया और फाइनल में जगह बना ली।
चार मैचों में 303 रन, एक शतक और दो अर्धशतक
आर्यवीर सहवाग का इस टूर्नामेंट में अब तक का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने चार मुकाबलों की चार पारियों में 100 की औसत से कुल 303 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक निकले हैं। इसके अलावा वह अब तक 29 चौके और 16 छक्के लगा चुके हैं। टूर्नामेंट में आर्यवीर की पारियों पर नजर डालें तो उन्होंने नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन बनाकर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ अगले मुकाबले में वह 22 रन ही बना सके। इसके बाद यूएई के खिलाफ उन्होंने जबरदस्त वापसी की और 168 गेंदों पर 160 रन ठोक दिए। इस पारी में 17 चौके और 7 छक्के शामिल थे। अब अफगानिस्तान के खिलाफ 51 रन बनाकर उन्होंने एक बार फिर अपनी निरंतरता साबित की है।
70* vs Nepal 22 vs Pakistan 160 vs UAE 51 vs Afghanistan (Today) With 303 runs, Aaryavir Sehwag is comfortably the leading runscorer in the ongoing U-19 Asia Cup. https://t.co/dl52R6sQlU
— Cricbuzz (@cricbuzz) November 12, 2026
70* vs Nepal 22 vs Pakistan 160 vs UAE 51 vs Afghanistan (Today) With 303 runs, Aaryavir Sehwag is comfortably the leading runscorer in the ongoing U-19 Asia Cup. https://t.co/dl52R6sQlU
— Cricbuzz (@cricbuzz) November 12, 2026टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने आर्यवीर
चार मुकाबलों में 303 रन बनाने के साथ आर्यवीर सहवाग अंडर-19 एशिया कप 2026 में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। खास बात यह है कि उनकी चार पारियों में तीन बार 50 या उससे ज्यादा का स्कोर देखने को मिला है। अब भारतीय टीम की नजर खिताबी मुकाबले पर है। सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराने के बाद भारत का सामना फाइनल में पाकिस्तान से होना है। ऐसे में आर्यवीर से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। उनके मौजूदा फॉर्म को देखते हुए फाइनल में भी वह भारतीय टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल रहेंगे।












