शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल इटमा वॉटरफॉल में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। प्रयागराज से परिवार के साथ घूमने आए 21 वर्षीय युवक की सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसल गया और वह सीधे जलप्रपात में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, परिजनों में मचा कोहराम
बताया जा रहा है कि युवक अपने परिजनों के साथ इटमा वॉटरफॉल घूमने आया था। इसी दौरान वह जलप्रपात के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में नीचे गिर गया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही अतरैला थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ अधिकारी विवेक पांडे के मुताबिक सुबह से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। नदी और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है, हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
सुरक्षा इंतजामों पर फिर उठे सवाल
बता दें कि इटमा वॉटरफॉल में यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी यहां कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। बावजूद इसके सुरक्षा इंतजामों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खतरनाक स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था नहीं होने से ऐसे हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।प्रशासन से सख्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इस घटना के बाद प्रशासन से इटमा वॉटरफॉल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते खतरनाक क्षेत्रों को चिन्हित कर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए तो ऐसे हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है। वहीं प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच की बात कही जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है।