कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए मेकर्स ने ट्रेलर जारी कर बड़ा सरप्राइज दिया है। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दर्शकों की ओर से इसे शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। ‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर में यश एक बार फिर दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में उनका स्टाइल, स्क्रीन प्रेजेंस और खतरनाक अंदाज फैंस का ध्यान खींच रहा है।
फिल्म में कियारा आडवाणी और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रही हैं। ट्रेलर में यश और दोनों अभिनेत्रियों के बीच की केमिस्ट्री की झलक देखने को मिलती है। इसके अलावा फिल्म में जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस, रोमांस, सस्पेंस और थ्रिलर का मिश्रण नजर आ रहा है। बड़े स्तर पर शूट किए गए एक्शन दृश्य दर्शकों को ‘एनिमल’, ‘पुष्पा’ और ‘केजीएफ चैप्टर 2’ जैसी फिल्मों की याद दिला रहे हैं।
रिलीज डेट को लेकर अभी इंतजार जारी
फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट पहले 19 मार्च तय की गई थी। मेकर्स ने इससे पहले फिल्म के पोस्टर और टीजर भी जारी किए थे, जिससे दर्शकों के बीच उत्साह और बढ़ गया था। हालांकि, बाद में रिलीज डेट को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया। बताया गया कि उसी समय आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ की रिलीज डेट सामने आने के बाद ‘टॉक्सिक’ की रिलीज में बदलाव किया गया। मेकर्स ने इसके पीछे खाड़ी युद्ध से जुड़ी परिस्थितियों को भी वजह बताया था। अब फिल्म की नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे यश
यश आखिरी बार साल 2022 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ में नजर आए थे। फिल्म में उनके रॉकी भाई के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई थी। ‘केजीएफ 2’ के बाद यश ने फिल्मों से लंबा ब्रेक लिया। करीब चार साल बाद वह ‘टॉक्सिक’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। यही वजह है कि इस फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। अब सभी की नजरें फिल्म की नई रिलीज डेट और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं।