शहर में एक बार फिर नेविगेशन ऐप Google Maps के भरोसे चलना भारी पड़ गया। बीती रात एक 18 चक्का ट्रेलर चालक ऐप के निर्देशों के चलते सोनापारा की संकरी गली में घुस गया। गली में फंसने के बाद ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। शोर-शराबा बढ़ने पर चालक ट्रेलर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
गली में फंसा ट्रेलर, मचा हड़कंप
घटना देर रात की है, जब भारी वाहन शहर में प्रवेश कर रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने रास्ता खोजने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया। ऐप के निर्देशों के अनुसार वह मुख्य मार्ग छोड़कर सोनापारा की एक संकरी गली में पहुंच गया। गली में आगे बढ़ने पर रास्ता और तंग हो गया, जिससे ट्रेलर फंस गया। वाहन निकालने के प्रयास में चालक ने बैक करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उसने सड़क किनारे खड़ी कई बाइक को टक्कर मार दी।
चबूतरों को भी नुकसान, लोग घरों से बाहर निकले
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। गली में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ घरों के सामने बने चबूतरे भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने जब चालक को घेरने की कोशिश की, तो वह स्थिति बिगड़ती देख ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, मशक्कत के बाद निकाला ट्रेलर
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले लोगों को शांत कराया, फिर काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर को गली से बाहर निकाला।
शहर में बढ़ रही ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। कई चालक Google Maps के भरोसे शहर की अंदरूनी और संकरी गलियों में घुस जाते हैं, जिससे आए दिन ऐसी स्थिति बन रही है।
