राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पत्नी और सौतेली बेटी की बेरहमी से हत्या करने वाले बर्खास्त पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और कांसे का लोटा भी बरामद किया गया है।
घटना 1 अप्रैल की है, जब सेमरिया गांव में आरोपी गुलाब राम साहू ने अपनी पत्नी हेमलता साहू (35) और सौतेली बेटी चित्रा साहू (22) पर ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पहले बेटी पर हमला, बचाने आई पत्नी को भी मार डाला
पुलिस के मुताबिक घटना के दिन आरोपी का अपनी सौतेली बेटी से विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि उसने पास रखी कुल्हाड़ी से बेटी पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जब पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

खून से लथपथ मिली मां-बेटी की लाश
मामले की जानकारी मृतका के भाई नवनीत कुमार साहू ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि उनकी बहन हेमलता पिछले दो साल से आरोपी के साथ सेमरिया में रह रही थी। सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो मां-बेटी की लाशें घर में पड़ी मिलीं। दोनों के शरीर पर गहरे घाव के निशान थे।
लोटे और कुल्हाड़ी से किया हमला
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले कांसे के लोटे और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया। घटनास्थल से खून से सने दोनों हथियार बरामद किए गए हैं।
घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के सोनसरी गांव का निवासी है और वर्तमान में सेमरिया में रह रहा था।
4 साल पहले की थी दूसरी शादी
पुलिस के अनुसार हेमलता ने करीब 4 साल पहले आरोपी से दूसरी शादी की थी। चित्रा, हेमलता की पहली शादी से बेटी थी। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का बयान
रायपुर ग्रामीण एएसपी संदीप मित्तल ने बताया कि मामला चरित्र शंका से जुड़ा है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
