शनिवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया। लखनपुर थाना क्षेत्र के बिनिया गांव में खेत में धान की रोपाई के दौरान अचानक मौसम ने करवट ले ली। देखते ही देखते तेज बारिश और गरज-चमक शुरू हो गई। इसी बीच खेत में काम कर रहे लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में 7 वर्षीय मासूम प्रीति ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रोपा लगाते समय गिरी बिजली
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बिनिया गांव में मौसम अचानक खराब हो गया। उस समय प्रीति ठाकुर अपने परिवार के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। खेत में उसकी मां सहित अन्य परिजन भी मौजूद थे। तेज गर्जना के बीच अचानक आकाशीय बिजली खेत में आ गिरी, जिसकी चपेट में प्रीति ठाकुर समेत तीन लोग आ गए। बिजली गिरते ही तीनों अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।
अस्पताल में बच्ची ने तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए आरगोती स्थित संगवारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बिजली की चपेट में आए अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है और उन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।पुलिस जांच में जुटी, अलर्ट जारी
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, लगातार हो रही बारिश और गरज-चमक के बीच मौसम विभाग भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े रहने से बचना चाहिए, क्योंकि इस मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि मौसम खराब होते ही सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।