Raigarh News: खरसिया वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने शुक्रवार सुबह ग्राम कुकड़ीचोली में दबिश देकर एक युवक को उसके घर में जंगली सुअर का मांस पकाते हुए पकड़ा। पूछताछ के दौरान युवक ने 8 से 10 लोगों के साथ मिलकर बारूद के गोले से शिकार करने की बात स्वीकार की है।
अब वन विभाग की टीम इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। वन विभाग को शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया रेंज के जंगल में जंगली सुअर का शिकार किया गया है। सूचना में बताया गया कि ग्राम कुकड़ीचोली निवासी विजय राठिया (24) अपने घर पर शिकार किए गए जानवर का मांस पका रहा है।
दूसरे शिकारियों की तलाश में जुटा वन विभाग
आरोपी से मिली जानकारी के बाद वन विभाग की टीम अब उसके साथियों का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी खरसिया वन परिक्षेत्र में जंगली जानवर के शिकार की सूचना मिली थी। उस समय उड़नदस्ता टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई थी।
घर में पकता मिला जंगली सुअर का मांस
सूचना के आधार पर उड़नदस्ता के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो और उनकी टीम मौके पर पहुंची। घर की तलाशी लेने पर विजय राठिया मांस पकाते हुए मिला। वन विभाग की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पकाया जा चुका मांस जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर खरसिया वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि करीब 8 से 10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में बारूद के गोले का इस्तेमाल कर जंगली सुअर का शिकार किया गया था।वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने विजय राठिया के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 51 और 52 के तहत पीओआर (POR) दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। वन विभाग अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि शिकार में शामिल अन्य लोग कौन हैं और इस घटना में उनकी क्या भूमिका रही है।












