छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित चौहान ऑटोमोबाइल मारुति सुजुकी शोरूम में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने शोरूम के सीईओ अंकित आनंद पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके साथ जमकर हंगामा किया। महिला ने सीईओ पर छेड़छाड़, अश्लील मैसेज भेजने और गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस जांच के दौरान भड़का महिला का गुस्सा
जानकारी के मुताबिक, महिला कर्मचारी पहले ही सीईओ के खिलाफ शिकायत दर्ज करा चुकी थी। उसी मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस अधिकारी अंकित आनंद को लेकर शोरूम पहुंचे थे। इसी दौरान महिला कर्मचारी अचानक गुस्से में आ गई और उसने सीईओ के चेहरे व कपड़ों पर स्याही फेंक दी।
स्याही फेंकने के बाद थप्पड़ और लात से हमला
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्याही फेंकने के तुरंत बाद महिला कर्मचारी ने सीईओ के पास पहुंचकर उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं, उसने लात मारते हुए अपना विरोध जताया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी बीच-बचाव करते नजर आए, लेकिन महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
महिला पुलिसकर्मी नहीं होने से बढ़ी परेशानी
घटना के दौरान वहां कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। ऐसे में पुलिस अधिकारी महिला को केवल समझाने का प्रयास करते रहे। वहीं ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारी पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। वीडियो में सीईओ खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आए।भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला कर्मचारी की शिकायत के आधार पर सीईओ अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही अन्य कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।अन्य महिला कर्मचारियों ने भी जताई नाराजगी
मामले के सामने आने के बाद शोरूम की अन्य महिला कर्मचारियों ने भी सीईओ के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। जानकारी के अनुसार, 3 से 4 अन्य महिला कर्मचारी भी उनके व्यवहार से परेशान थीं और उन्होंने भी शिकायत करने की बात कही है।शिकायत करने वाली महिला का आरोप है कि सीईओ अंकित आनंद उन्हें लगातार अश्लील मैसेज भेजते थे और आपत्तिजनक तरीके से बातचीत करते थे। महिला का कहना है कि लंबे समय से वह मानसिक रूप से परेशान थी, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में महिला कर्मचारी का गुस्सा और शोरूम के अंदर की अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है। मामले को लेकर लोग सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पक्षों से पूछताछ कर रही है।
