सितली नाला के विकास और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से स्वाध्याय केन्द्र समिति महासमुंद द्वारा समाजसेवी स्वर्गीय अशोक चौरड़िया की स्मृति में "अविरल सितली निर्मल सितली" अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज 21 अप्रैल 2026, मंगलवार की सुबह सितली नाला क्षेत्र में एक विशेष श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस पुनीत कार्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महासमुंद के स्वयंसेवकों सहित नगर के विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं और नागरिकों ने पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया। उपस्थित सभी स्वयंसेवकों ने नाला क्षेत्र की साफ- सफाई और सुधार कार्यों में अपना बहुमूल्य श्रमदान कर स्वच्छता की मिसाल पेश की।
सफाई का कार्य लगभग पूर्ण
समिति के संस्थापक सदस्य व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने बताया कि वर्तमान में सितली नाला की सफाई का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। अब नाला के स्टॉप डैम के ऊपर पुल निर्माण के लिए विचार-विमर्श और आगे की कार्यवाही निरंतर जारी है। नाले के दोनों ओर सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब इसके समतलीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस अभियान में जन सहयोग का विशेष महत्व रहा है।
दिल खोल कर दान
कई लोगों ने सड़क निर्माण के लिए अपनी निजी जमीन भी स्वेच्छा से निर्माण के लिए छोड़ी है, जिनका स्वाध्याय केंद्र समिति आभार व्यक्त करते हैं और आगामी उद्घाटन समारोह के दौरान उन सभी का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के दानदाता भी इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए दिल खोलकर दान दे रहे हैं।
नियमित रूप से श्रमदान
श्रमदान के पश्चात स्वाध्याय केंद्र समिति के सचिव मोहन साहू ने समस्त स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण प्रेमियों से आह्वान किया है कि सितली नाला को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए अब से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 6:00 से 7:00 बजे तक नियमित रूप से श्रमदान किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल सितली नाला और स्थानीय पर्यावरण को स्वच्छ रखना है, बल्कि जन-सामान्य में सामुदायिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। स्वयंसेवकों की इस सक्रिय भूमिका ने सेवा और समर्पण की भावना को एक नई दिशा दी है।

