CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 16 सितंबर को राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
19 सितंबर से बढ़ेगा बारिश का दायरा
छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों के मौसम को लेकर मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है। विभाग के मुताबिक 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश का वितरण और तीव्रता बढ़ने की संभावना है। 16 सितंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई थी। वहीं 17 और 18 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश होने का अनुमान है।
20 सितंबर से भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 सितंबर को भी कई स्थानों पर बारिश के साथ एक-दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 21 और 22 सितंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।रायपुर में 34 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राजधानी रायपुर में 16 सितंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई थी। शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और गरज-चमक के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई देने पर तुरंत सुरक्षित स्थान या पक्के मकान में जाने की सलाह दी गई है। लोगों को पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और बिजली की लाइनों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। इसके अलावा खुले स्थान पर रखी कृषि उपज को भी सुरक्षित जगह पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

