छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के भकुर्रा गांव में युवक की खून से सनी लाश उसके घर के अंदर मिली। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपी ने सिलबट्टे से हमला कर उसकी हत्या की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, भकुर्रा गांव निवासी सोनू चौहान (23) घर में अकेला रहता था। उसकी बहनों की शादी हो चुकी थी, जबकि उसकी मां भी उसके साथ नहीं रहती थी। रविवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि सोनू का शव उसके घर में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
शनिवार रात हत्या की आशंका
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आशंका जताई कि सिलबट्टे से हमला कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना शनिवार रात की हो सकती है। रविवार पूरे दिन युवक के घर का दरवाजा नहीं खुला था, जिसके बाद आसपास के लोगों को संदेह हुआ और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।संदिग्धों से पूछताछ जारी
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद घटनास्थल की जांच की गई है। मामले में कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। युवक के अकेले रहने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जल्द ही हत्या के कारणों और आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।