बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीपलखूंटा में खेत की मेड़ पर एक 23 वर्षीय युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना पीपलखूंटा से सोनामुंदी जाने वाले मार्ग पर सुरंगी नाला के समीप की है, जहां धान लगे खेत के मेड़ में युवती की लाश पड़ी मिली। युवती ने अज्ञात कारणों से इमली पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बसना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पीपलखूंटा निवासी रोहित सिदार सुबह अपने खेत की ओर गया हुआ था। सुरंगी नाला मार्ग पर खेत की मेड़ से गुजरते समय इमली के पेड़ के नीचे शव देखकर वह घबरा गया और तत्काल इसकी सूचना ग्राम पंचायत गुढ़ियारी के सरपंच एवं पीपलखूंटा निवासी श्रीकांत पटेल को दी। सरपंच द्वारा घटना की जानकारी पुलिस 112, एंबुलेंस , बसना थाना तथा आसपास के गांव—सोनामुंदी, छोटे पटनी और पीपलखूंटा—के लोगों को दी गई।
परिजन पहुचें मौके पर
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। छोटे पटनी के लोगों ने युवती की पहचान अपने गांव की तारा निषाद 23 वर्ष पिता प्रदीप निषाद, निवासी ग्राम छोटे पटनी के रूप में की और इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शिनाख्त की पुष्टि की। बताया गया कि मृतका 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद पिछले एक वर्ष से घर पर ही रह रही थी।
घर से लापता थी युवती
परिजनों के अनुसार वह कल 21अप्रैल की दोपहर लगभग 1 बजे से घर से लापता थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने गांव सहित अपने रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवती ने नाला किनारे पड़ी अध सड़े साड़ी को फंदा बनाकर इमली के पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाई।
शव गिर मिल जमीन पर
फांसी के बाद साड़ी के कमजोर होने के कारण फंदा टूट गया, जिससे शव जमीन पर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही बसना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चीर घर बसना भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार युवती द्वारा अज्ञात कारणों से आत्महत्या की गई है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है।

