न्यायधानी बिलासपुर में ब्रांडेड उत्पादों के नाम पर चल रहे नकली सामान जब्त कर बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। इस कार्रवाई ने न केवल अवैध कारोबार की परतें खोली हैं, बल्कि आम लोगों, खासकर युवाओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता भी बढ़ा दी है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां इंडियन टोबैको कंपनी (ITC) की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, कंपनी को लंबे समय से यह जानकारी मिल रही थी कि शहर में लोकप्रिय ब्रांड ‘गोल्ड फ्लैक’ के नाम पर नकली सिगरेट खुलेआम बेची जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए कंपनी ने अपने स्तर पर जांच शुरू की और बाजार से सैंपल एकत्र किए। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि ये सिगरेट पूरी तरह से नकली और मानक से बाहर हैं।
इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक स्थित नगर निगम कॉलोनी में एक संदिग्ध गोदाम पर दबिश दी।
गोदाम पर छापेमारी, बड़ी मात्रा में माल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से करीब 4 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की नकली सिगरेट के 4 कार्टन बरामद हुए। मौके से गोदाम संचालक रोशन चांदवानी को हिरासत में लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी इन नकली सिगरेटों को फेरी के जरिए शहर के विभिन्न पान ठेलों और छोटी दुकानों तक सप्लाई करता था। इससे यह भी संकेत मिला है कि यह नेटवर्क सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं बल्कि पूरे शहर में फैला हो सकता है।
बड़े नेटवर्क की आशंका, जांच जारी
सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि ये नकली सिगरेट आखिर तैयार कहां की जा रही थीं—क्या यह उत्पादन शहर के भीतर ही किसी अवैध यूनिट में हो रहा था या फिर इसे बाहर से मंगाकर यहां सप्लाई किया जा रहा था।
इसके अलावा यह भी आशंका जताई जा रही है कि शहर के बड़े थोक बाजार, जैसे व्यापार विहार, में भी यह नकली माल खपाया जा रहा था। इससे न सिर्फ ब्रांड कंपनियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि नाबालिगों और युवाओं के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
फिलहाल सीएसपी निमितेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस अवैध कारोबार के पूरे सिंडिकेट का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
