भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी शुक्रवार को भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के सामने कोसनाला इलाके के पास की गई, जहां लंबे समय से जुआ फड़ संचालित होने की सूचना पुलिस को मिल रही थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और जुआ खेलते हुए सभी आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए लोगों में से एक आरोपी जुआ फड़ संचालक के साथ मिलकर इस अवैध गतिविधि को संचालित करने में शामिल था।
रेड के बाद इलाके में हड़कंप
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 1 लाख 14 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 15 मोबाइल फोन और 5 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त किए गए सभी सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह जुआ फड़ काफी समय से इस क्षेत्र में सक्रिय था और स्थानीय स्तर पर इसकी शिकायतें भी मिल रही थीं। रेड के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ये किए गए गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विक्की साहनी (34) निवासी मल्हा पारा सुपेला, विनय (36) निवासी सेक्टर-7 भिलाई, हिमांचल दास (56) निवासी आदर्श नगर दुर्ग, शैलेन्द्र यादव (30) निवासी गया नगर दुर्ग, हेमलाल ढीमर (26) निवासी रूआबांधा भिलाई, सतीश गुर्दे (48) निवासी कोसा नगर सुपेला, विज्जू जैन (50) निवासी अहिवारा, किशन साहू (46) निवासी बजरंग नगर रायपुर सहित अन्य लोग शामिल हैं।
इसके अलावा सोनू कुमार साव, जशवंत साहू, लक्की साहू, जुलेश लाल, हीरा सिंह, मोहम्मद अरशद अंसारी और दिनेश साव को भी इस कार्रवाई में पकड़ा गया है, जिनके अलग-अलग इलाकों से संबंध बताए जा रहे हैं।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे फड़ों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अब पुलिस जिले में अन्य जगहों पर चल रहे जुए के नेटवर्क की भी जांच में जुट गई है।
