नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नवपदस्थ सचिव शंगीता आर. ने आज सुबह विभागीय संचालनालय और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यालयीन कक्षों का भ्रमण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधा संवाद किया और कार्यस्थल पर समयबद्ध उपस्थिति तथा प्रशासनिक दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में सचिव ने विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नगरीय निकायों द्वारा संचालित कार्यों, शहरी अधोसंरचना विकास, स्वच्छता, जलप्रदाय, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा AMRUT मिशन सहित प्रमुख शहरी विकास परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। शंगीता आर. ने स्पष्ट रूप से कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की प्रस्तुति और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यों में तेजी और नागरिक सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर सचिव शंगीता आर. ने एक व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि आज ही के दिन वर्ष 2005 में उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन का गौरव प्राप्त हुआ था। उन्होंने इस दिन को अपने प्रशासनिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया
बैठक में SUDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शशांक पाण्डेय, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुष्यंत कुमार रायस्त, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा एवं संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी सहित विभाग एवं SUDA के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
