भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि (PVSM, AVSM, SM, VSM) को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वह मौजूदा सीडीएस जनरल अनिल चौहान की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई 2026 को पूरा हो रहा है। नियुक्ति के साथ ही राजा सुब्रमणि भारत सरकार के सैन्य मामलों के विभाग (Department of Military Affairs) में सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल
एन.एस. राजा सुब्रमणि पदभार ग्रहण करने की तारीख से अगले आदेश तक इस पद पर कार्यरत
रहेंगे। नए CDS के तौर पर उनके हाथों में थल सेना, नौसेना और वायुसेना यानी तीनों सेनाओं के समन्वय और रणनीतिक संचालन की अहम
जिम्मेदारी होगी।
कौन
हैं लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि?
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि वर्तमान में
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के पद पर कार्यरत
हैं। उन्होंने 1 सितंबर 2025 को यह
जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वे भारतीय सेना के उप-प्रमुख (Vice Chief
of Army Staff) के रूप में जुलाई 2024 से
जुलाई 2025 तक कार्य कर चुके हैं। वहीं मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने मध्य कमान (Central
Command) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में सेवा दी।
करीब 40 वर्षों के अपने सैन्य करियर में उन्होंने
जम्मू-कश्मीर, असम और पश्चिमी सीमा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों
में कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनल जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे 8 गढ़वाल
राइफल्स से जुड़े रहे हैं और सेना की स्ट्राइक कोर की कमान भी संभाल चुके हैं।
कई
प्रतिष्ठित सैन्य सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
देश की सुरक्षा और सैन्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के
लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सैन्य अलंकरणों से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें परम
विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM),
अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM)
और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) शामिल हैं।
नौसेना
को भी मिला नया प्रमुख
इसी बीच भारत सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को
भारतीय नौसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया है। वर्तमान में वह मुंबई स्थित पश्चिमी
नौसेना कमान के प्रमुख हैं। वह 31 मई 2026 को पदभार ग्रहण करेंगे
और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक
रहेगा।
वाइस एडमिरल स्वामीनाथन
को 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था। वे
संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उन्होंने नेशनल डिफेंस
एकेडमी खड़कवासला, यूनाइटेड किंगडम के जॉइंट सर्विसेज कमांड
एंड स्टाफ कॉलेज और अमेरिका के नेवल वॉर कॉलेज समेत कई प्रतिष्ठित संस्थानों से
सैन्य शिक्षा प्राप्त की है।
