श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच तेज हो गई है। गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला को 13 घंटे की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
उसके इस्तेमाल और पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम तथ्यों का पता लगाना है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को जेल से पुलिस लाइन लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। विवेचना अधिकारी ने करीब 30 सवालों की सूची तैयार की है। इन्हीं सवालों के आधार पर पूरे मामले की परतें खोलने की कोशिश की जा रही है।
30 सवालों से खुलेंगे राज
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मंदिर के चढ़ावे से कथित रूप से निकाली गई रकम कहां खर्च की गई। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों का उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है। इससे जांच एजेंसी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि आरोपी के दावों और सबूतों में कोई विरोधाभास तो नहीं है।.
किराए के मकान और पैतृक घर भी जाएगी पुलिस
जानकारी के अनुसार, पुलिस अविनाश शुक्ला को उसके किराए के मकान योग साधनालय और पैतृक घर प्रतापगढ़ भी ले जा सकती है। वहां से मामले से जुड़े दस्तावेज, अन्य साक्ष्य और जरूरी जानकारी जुटाने की तैयारी है। अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।मामले में बढ़ी सियासी हलचल
इस मामले में मंदिर से जुड़े कई लोगों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इस बीच कर्नाटक के भाजपा विधायक प्रभु चव्हाण और विश्व हिंदू परिषद के नेता गोपाल के खिलाफ भी विशेष जांच दल में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में उन पर मंदिर के चंदे के दुरुपयोग और आय से अधिक संपत्ति बनाने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की जांच अभी जारी है और इस पर आधिकारिक निष्कर्ष सामने आना बाकी है।