उरगा नव निर्माणाधीन सड़क पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। ढेंका के पास अरपा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल से एक तेज रफ्तार कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कोरबा से बिलासपुर जा रहे थे युवक,
जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG13AS9262 में सवार युवक कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ढेंका के पास अरपा नदी पर निर्माणाधीन पुल के हिस्से में कार पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पुल का एक हिस्सा अभी अधूरा है और आगे सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है।सड़क नहीं जुड़ने की जानकारी नहीं थी,
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवारों को अधूरे पुल और आगे सड़क बंद होने की जानकारी नहीं थी। जैसे ही कार पुल के हिस्से तक पहुंची, वह सीधे हवा में उछलते हुए करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। तेज गिरावट के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू,
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है।निर्माण कार्य और सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद निर्माणाधीन सड़क और पुल स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण स्थल पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण स्थल पर मौजूद सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रही है।