महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कामाख्या मंदिर डोगरीपाली के आगे पहाड़ी के नीचे स्थित जंगल में की गई, जहां लंबे समय से जुआ खेलने की सूचना मिल रही थी।
पुलिस ने मौके से पांच लोगों को पकड़ लिया, जबकि आठ आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस को 8 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कामाख्या मंदिर के आगे जंगल में कुछ लोग जुए की फड़ जमाकर ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही पिथौरा थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
पांच लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस की कार्रवाई के दौरान जुए की फड़ पर मौजूद पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, नौ मोटरसाइकिल, 4,600 रुपए नकद और 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी बरामद की। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 5 लाख 4 हजार 600 रुपए आंकी गई है। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही फरीद खान, मनोज साहू, रोशन, छोटू खान, कृष्णा नायक, सूरज तांडी, कंटतरू और हेमंत ठाकुर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पिथौरा थाना में अपराध क्रमांक 170/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला गैर-जमानती होने के कारण गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।