Agriculture Scheme Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र को नया आयाम देने और किसानों की माली हालत में सुधार लाने के मकसद से केंद्र सरकार ने बड़ी आर्थिक मदद दी है। राज्य में कृषि विकास योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के लिए केंद्र की ओर से कुल 181.99 करोड़ रुपये की नई किस्त जारी कर दी गई है। यह राशि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और कृषि उन्नति योजना के तहत प्रदेश के खाते में भेजी गई है।
नई दिल्ली बैठक में बनी सहमति
28 और 29 सितंबर को नई दिल्ली में देश भर के कृषि मंत्रियों का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसका मुख्य एजेंडा रबी अभियान 2026 की तैयारियों की समीक्षा करना था। इस बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से विशेष मुलाकात की। इसी मुलाकात में केंद्रीय मंत्री ने औपचारिक रूप से बताया कि छत्तीसगढ़ के लिए दोनों प्रमुख योजनाओं की दूसरी किस्त मंजूर कर राशि जारी की जा चुकी है।
योजनाओं का ऐसा रहेगा गणित:
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना: 91.20 करोड़ रुपए
कृषि उन्नति योजना: 90.79 करोड़ रुपए
कुल जारी राशि: 181.99 करोड़ रुपए
राज्यों के साथ मिलकर मजबूत करेंगे कृषि ढांचा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के कृषि मंत्री को एक आधिकारिक पत्र भी सौंपा। इसमें उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार देश भर के किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती-किसानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बजट से राज्य में कृषि विकास से जुड़े बुनियादी कार्यों में तेजी आएगी और किसानों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
राज्य सरकार ने जताया आभार
केंद्रीय मदद मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि "डबल इंजन" की सोच के साथ केंद्र और राज्य मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे बजट का इस्तेमाल धरातल पर कृषि विकास को बढ़ावा देने, आधुनिक तकनीकों के विस्तार और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम छोर के किसान तक पहुंचाने में किया जाएगा।

