Monday, 10 Aug 2026 भारत
ब्रेकिंग
W 𝕏 f
होम रायपुर अंबेडकर अस्पताल ने रचा नया कीर्तिमान, 20 दिनों मे…
अंबेडकर अस्पताल में फेफड़ों की लोबेक्टॉमी सर्जरी
अंबेडकर अस्पताल में फेफड़ों की लोबेक्टॉमी सर्जरी
रायपुर

अंबेडकर अस्पताल ने रचा नया कीर्तिमान, 20 दिनों में फेफड़ों की 9 जटिल लोबेक्टॉमी सर्जरी सफल

डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल के हार्ट-चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने फेफड़ों की जटिल सर्जरी के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है। विभाग ने 20 दिनों में 9 और दो महीनों में कुल 13 लोबेक्टॉमी सर्जरी सफलतापूर्वक की हैं। आधुनिक तकनीक और एडवांस्ड लंग स्टेपलर की मदद से की गई इन सर्जरियों से मरीजों को बेहतर इलाज मिल रहा है।

कीर्तिमान डेस्क
कीर्तिमान डेस्क
10 Aug 2026, 06:36 PM
रायपुर

पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल रायपुर के हार्ट-चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने फेफड़ों की जटिल सर्जरी के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग ने मात्र 20 दिनों में 9 और पिछले दो महीनों में कुल 13 लोबेक्टॉमी (फेफड़े के संक्रमित हिस्से को निकालने की सर्जरी) सफलतापूर्वक की हैं। इनमें दो आपातकालीन सर्जरी ऐसे मरीजों की हुई, जिन्हें खांसी के साथ अत्यधिक रक्तस्राव (हेमोप्टाइसिस) हो रहा था। आधुनिक तकनीक और एडवांस्ड लंग स्टेपलर की मदद से की गई इन सर्जरियों ने संस्थान की विशेषज्ञता को साबित किया है। इससे छत्तीसगढ़ में फेफड़ों की जटिल सर्जरी के क्षेत्र में अम्बेडकर अस्पताल की पहचान एक प्रमुख संस्थान के रूप में बनी है। हार्ट-चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू ने बताया कि लोबेक्टॉमी सर्जरी में मरीज के क्षतिग्रस्त फेफड़े के एक हिस्से को ऑपरेशन के माध्यम से निकाल दिया जाता है।

जटिल लोबेक्टॉमी सर्जरी

उन्होंने बताया कि अस्पताल में एडवांस्ड लंग स्टेपलर का उपयोग किया जा रहा है, जिससे ऑपरेशन के बाद होने वाली जटिलताओं जैसे ब्रोन्कोप्लूरल फिस्टुला (Bronchopleural Fistula) की संभावना काफी कम हो जाती है। कम समय में बड़ी संख्या में लोबेक्टॉमी सर्जरी करना संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि है। छत्तीसगढ़ में लोबेक्टॉमी सर्जरी का सबसे बड़ा कारण फेफड़ों में होने वाला एस्परजिलोमा (Aspergilloma) और ब्रोन्किएक्टैसिस है। एस्परजिलोमा एक फंगल संक्रमण है, जो एस्परजिलस नाइजर (Aspergillus niger) नामक फंगस से होता है।

टीबी के बाद फेफड़ों की बीमारी

यह संक्रमण अक्सर उन मरीजों में देखा जाता है, जिन्हें पहले टीबी हो चुकी होती है या जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। टीबी से प्रभावित फेफड़ों में फंगस के पनपने के लिए अनुकूल वातावरण बन जाता है। एस्परजिलोमा सामान्य रूप से दाएं फेफड़े के ऊपरी हिस्से में अधिक पाया जाता है। इसके अलावा ब्रोन्किएक्टैसिस भी टीबी संक्रमण के बाद होने वाली आम बीमारी है, जिसमें फेफड़ों के अंदर छोटी-छोटी गुहाएं बन जाती हैं। 

वैस्कुलर मालफॉर्मेशन, लंग एब्सिस (Lung Abscess) और फेफड़ों का कैंसर भी हेमोप्टाइसिस यानी बलगम में खून आने के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, यदि फेफड़ों का कैंसर शुरुआती अवस्था में पकड़ में आ जाए तो लोबेक्टॉमी सर्जरी के माध्यम से मरीज को पूरी तरह स्वस्थ किया जा सकता है। अम्बेडकर अस्पताल के हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग में फेफड़ों से जुड़ी कई तरह की सर्जरी की जा रही हैं। इनमें डिकॉर्टिकेशन सर्जरी, लोबेक्टॉमी, सेगमेंटेक्टॉमी और न्यूमोनेक्टॉमी जैसी जटिल प्रक्रियाएं शामिल हैं। सामान्य परिस्थितियों में इस संस्थान में हर साल करीब 15 से 20 लोबेक्टॉमी सर्जरी की जाती थीं, लेकिन अब कम समय में बड़ी संख्या में ऑपरेशन कर नया रिकॉर्ड बनाया गया है।

15 से 20 लोबेक्टॉमी सर्जरी

फेफड़ों की सर्जरी के लिए छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से भी मरीज यहां पहुंच रहे हैं। सभी ऑपरेशन आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क किए जा रहे हैं। वर्तमान में भी विभाग में लोबेक्टॉमी सर्जरी के लिए कुछ मरीज प्रतीक्षा सूची में हैं। लोबेक्टॉमी एक ऐसी सर्जरी है, जिसमें बीमारी से प्रभावित फेफड़े के हिस्से यानी लोब को निकाल दिया जाता है। मानव शरीर में दायां और बायां फेफड़ा होता है। बायां फेफड़ा दो लोब से बना होता है, जबकि दायां फेफड़ा तीन लोब में विभाजित होता है। यदि एस्परजिलोमा, ब्रोन्किएक्टैसिस या लंग ट्यूमर जैसी बीमारी किसी एक हिस्से तक सीमित रहती है तो उस प्रभावित भाग को ऑपरेशन के जरिए निकाल दिया जाता है।

क्या यह खबर उपयोगी लगी?
शेयर करें अपने दोस्तों तक पहुंचाएं
WhatsApp Telegram
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें — ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं!
कीर्तिमान
छत्तीसगढ़
सभी छत्तीसगढ़ ›
रायपुर संभाग
दुर्ग संभाग
बिलासपुर संभाग
सरगुजा संभाग
बस्तर संभाग
देश
विदेश सरकारी सूचना
राजनीति
कीर्तिमान विशेष
खेल
मनोरंजन
कारोबार
तकनीक शिक्षा सेहत धर्म यात्रा राशिफल डार्क/लाइट मोड डॉ. नीरज गजेंद्र
वीडियो
अभी कोई वीडियो उपलब्ध नहीं है
Clip & Share

अगली खबर के लिए ऊपर और पिछली खबर के लिए नीचे स्वाइप करें

सावधान: संवेदनशील सामग्री
इस अनुभाग में अपराध, हिंसा, दुर्घटना या अन्य संवेदनशील विषयों से संबंधित समाचार हो सकते हैं। क्या आप इसे देखना चाहते हैं?
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं!
पुश नोटिफिकेशन चालू करें