Arang News: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम गोढ़ी के बैस पारा में जय बजरंग दुर्गोत्सव समिति की देखरेख में पिछले 35 वर्षों से लगातार मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इस साल भी समिति ने माता की बेहद भव्य प्रतिमा स्थापित की है, जहां सुबह-शाम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। साढ़े तीन दशकों से चली आ रही यह परंपरा अब गोढ़ी गांव की पहचान बन चुकी है, जो ग्रामीणों की अटूट आस्था और आपसी एकता की मिसाल पेश करती है। नवरात्रि आते ही यहां का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो जाता है।
52 ज्योति कलशों से जगमगा उठा पूजा पंडाल, गूंज रहे माता के जयकारे
इस बार के आयोजन की सबसे खास बात यह है कि पंडाल में कुल 52 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। इन पावन कलशों की जगमगाती रोशनी पूरे पूजा स्थल को अलौकिक रूप दे रही है। ज्योति कलशों के दर्शन और मां के जयकारों से पूरा बैस पारा गूंज उठा है। समिति के सभी सदस्यों और आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हर साल अपनी एक अलग ही रौनक बिखेरता है।
रिपोर्ट - मोहनदास मानिकपुरी






