Asian Games 2026: जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शूटिंग में भारत ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर पदक तालिका में एक और इजाफा किया है। भारतीय निशानेबाजों ने बेहतरीन सटीकता दिखाते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रुद्रंकश पाटिल और हिमांशु ढिल्लों ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जिससे भारत की पदक उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
शूटिंग में भारत के तीन सिल्वर मेडल
एशियन गेम्स में शूटिंग से भारत को अब तक तीन सिल्वर मेडल मिल चुके हैं। इसकी शुरुआत महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा से हुई थी, जहां भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही थी। महिला टीम में एलावेनिल वलारिवन, विदरसा विनोद और सोनम मस्कर ने रजत पदक अपने नाम किया था। इसके बाद एलावेनिल वलारिवन ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। इस मुकाबले में वह जापान की हिनाता ताइची से मामूली अंतर से पीछे रहीं।
एमएमए में सुचिका तारियाल ने पक्का किया पदक
भारत की सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) की नई स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने महिला ट्रेडिशनल MMA 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मीफाइनल में पहुंचने के साथ ही सुचिका का पदक पक्का हो गया है। अब उन्हें कम से कम कांस्य पदक जरूर मिलेगा। सेमीफाइनल मुकाबले में उनका सामना सिंगापुर की टीओ हुई हून से होगा।
