एशियन गेम्स : क्रिकेट में भारत, पाकिस्तान समेत 4 टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल में
एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों का ड्रॉ घोषित हो गया है। पुरुष वर्ग में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है, जबकि महिला वर्ग में भारत का पहला मुकाबला जापान से होगा। क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें महिला मुकाबले 17 से 22 सितंबर और पुरुष मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होंगे।
कीर्तिमान डेस्क
24 Jul 2026, 04:52 PM
नई दिल्ली
जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों का आधिकारिक ड्रॉ जारी कर दिया गया है। पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को उनकी सीडिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है। वहीं बाकी चार स्थान क्वालिफाइंग राउंड से तय होंगे।
एशियन गेम्स में इस बार भी क्रिकेट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा। पुरुष वर्ग में कुल आठ टीमें क्वार्टर फाइनल में उतरेंगी, जिनमें चार पहले से तय हैं और चार टीमें क्वालिफाइंग मुकाबलों के बाद शामिल होंगी। क्वालिफाइंग राउंड के ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल को रखा गया है।
महिला क्रिकेट की शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल से
वहीं ग्रुप बी में हांगकांग, मलेशिया और ओमान शामिल हैं। सभी टीमें अपने-अपने ग्रुप में एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी। दोनों ग्रुपों से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। गौरतलब है कि एशियन गेम्स 2023 में अफगानिस्तान ने पुरुष क्रिकेट में रजत पदक जीता था। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी और सभी मुकाबले सीधे क्वार्टर फाइनल से शुरू होंगे। विजेता टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि हारने वाली टीमें बाहर हो जाएंगी। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों के बीच कांस्य पदक के लिए मुकाबला खेला जाएगा।
क्रिकेट एशियन गेम्समहिला क्रिकेट क्वार्टर फाइनल मुकाबले
पाकिस्तान बनाम थाईलैंड
श्रीलंका बनाम मलेशिया
बांग्लादेश बनाम चीन
भारत बनाम जापान
कब और कहां होंगे मुकाबले?
क्रिकेट के सभी मैच जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 सितंबर से शुरू होगी और इसका फाइनल 22 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक पुरुष क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे। भारत के लिए यह टूर्नामेंट खास रहेगा, क्योंकि पिछली बार एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। इस बार भी दोनों टीमों से गोल्ड मेडल की मजबूत उम्मीद की जा रही है।