आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के अंतर्गत प्राप्त सिस्टम जनरेटेड सूची से स्थायी प्रतीक्षा सूची निर्माण के संबंध में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार की अध्यक्षता में जनपद पंचायत महासमुंद क्षेत्र के सरपंचों एवं सचिवों का दिशा-निर्देश सह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने 24 जून को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम सभाओं के सफल एवं व्यवस्थित संचालन पर विशेष जोर दिया।
हितग्राही सूची सत्यापन की जानकारी
प्रशिक्षण सत्र में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त पात्र हितग्राहियों की सूची के ग्राम सभा में सत्यापन, अनुमोदन तथा स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सूची निर्माण के विभिन्न चरणों को सरल तरीके से समझाया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सूची निर्माण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमबद्ध तरीके से पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने सभी सरपंचों और सचिवों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए।ग्राम सभाओं में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
सीईओ नंदनवार ने कहा कि ग्राम सभाओं में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि पात्र हितग्राहियों का निष्पक्ष चयन हो सके। उन्होंने ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। साथ ही सूची निर्माण, पात्रता निर्धारण एवं ग्राम सभा संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।