बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो में रखे बैग से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम बुदेला निवासी 29 वर्षीय भगवती कौशिक 15 जुलाई 2026 को अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो क्रमांक CG 10 U 9846 से अमेरी जा रही थीं। चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला ने उन्हें बैग ऑटो में ही छोड़ने की सलाह दी। इसके बाद तीनों महिलाएं पास स्थित कृष्णा सोसायटी में सामान खरीदने चली गईं।
अगले दिन खुला चोरी का राज
करीब डेढ़ घंटे बाद महिलाएं वापस लौटीं और उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं। अगले दिन जब भगवती कौशिक ने अपना बैग खोला तो उसमें रखा लगभग 15 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, सोने के ईयर रिंग और सोने का चोकर माला गायब था। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता का आरोप है कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने पर ऑटो चालक उनकी गैरमौजूदगी में बैग खोलकर जेवर निकालते हुए दिखाई दिया। महिला ने जब चालक से इस बारे में पूछताछ की तो उसने पहले बात टालने की कोशिश की, लेकिन बाद में जेवर वापस करने का भरोसा दिया।सरपंच प्रतिनिधि के सामने स्वीकार किया आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने चोरी की बात स्वीकार करते हुए जेवर के बदले रुपए या दूसरे गहने देने की बात कही। बाद में वह बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया और मौका मिलते ही छत के रास्ते फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस चकरभाठा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।