Bilaspur Fire News: शहर के करबला क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आहूजा टीवी सेंटर और साईं इलेक्ट्रॉनिक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकानों से धुएं के साथ ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग का भयावह मंजर देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दुकान में इलेक्ट्रॉनिक सामान मौजूद
जानकारी के अनुसार, करबला इलाके में स्थित दोनों इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक सामान मौजूद होने के कारण आग को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला। इस दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुकानों के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया, ताकि आग की चपेट में आने से किसी तरह की जनहानि न हो। आग की वजह से आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बरती गई। यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, दोनों दुकानों में रखे सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है। आग बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











