शहर में शुक्रवार सुबह एक जंगली भालू की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई। सुनसानिया ग्राउंड में मॉर्निंग वॉक, दौड़, योग और क्रिकेट के लिए पहुंचे लोग उस समय घबरा गए, जब एक भालू अचानक करीब 7 फीट ऊंची दीवार फांदकर मैदान के अंदर पहुंच गया। कुछ देर मैदान में घूमने के बाद वह बाहर निकला और शहर की रिहायशी बस्ती से होते हुए रेलवे पटरी पार कर जंगल की ओर चला गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मैदान में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह करीब 5:45 बजे की है। उस समय मैदान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। कोई मॉर्निंग वॉक कर रहा था, कुछ लोग दौड़ लगा रहे थे, जबकि कई युवक क्रिकेट खेलने की तैयारी में थे। इसी बीच अचानक भालू ने मैदान की ऊंची दीवार फांदकर प्रवेश किया। उसे देखते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी सुरक्षित दूरी बनाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मैदान में लोगों की आवाजाही और हलचल देखकर भालू कुछ देर तक इधर-उधर घूमता रहा। इसके बाद वह उसी दिशा में लौटा और जिस फुर्ती से मैदान में आया था, उसी तेजी से दोबारा 7 फीट ऊंची दीवार पार कर बाहर निकल गया। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया।
फिर पहुंचा रिहायशी इलाके में
मैदान से निकलने के बाद भी भालू का मूवमेंट शहर में जारी रहा। सुबह करीब 6:15 बजे उसे एफसीआई के पास स्थित गली और जैन इलेक्ट्रिकल्स के आसपास घूमते हुए देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भालू बेखौफ सड़क पर चलता रहा, फिर मुख्य सड़क पार कर रेलवे लाइन पार करते हुए जंगल की दिशा में निकल गया। इस दौरान भी कई लोगों ने दूर से उसके फोटो और वीडियो बनाए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
टला बड़ा हादसा
घटना सुबह के समय हुई, इसलिए संबंधित इलाके में भीड़ अपेक्षाकृत कम थी। यही वजह रही कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही घटना स्कूल, कार्यालय या बाजार खुलने के समय होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
शहर के बीच मैदान और रिहायशी इलाके में भालू के बेखौफ घूमने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नागरिकों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
